हैरान रह गए टीएमसी कार्यकर्ता! प्रचार के दौरान सीधे उनके ऑफिस पहुंचे बीजेपी उम्मीदवार, छुए पैर

पश्चिम बंगाल के वर्धमान उत्तर विधानसभा क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने चुनावी राजनीति में शिष्टाचार की नई मिसाल पेश की है। बीजेपी उम्मीदवार संजय दास चुनाव प्रचार करते हुए अचानक तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्टी कार्यालय में घुस गए। वहां मौजूद टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को देखकर उन्होंने न केवल हाथ जोड़े, बल्कि पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, “मुझे एक मौका दीजिए।”

विपक्ष के गढ़ में वोट की गुहार: जिस समय संजय दास टीएमसी कार्यालय पहुंचे, वहां रायन नंबर 2 क्षेत्र के टीएमसी अध्यक्ष धनंजय पाल सहित कई समर्थक मौजूद थे। विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार को अपने बीच पाकर टीएमसी कार्यकर्ता भी हैरान रह गए। संजय दास ने बड़ी ही विनम्रता के साथ वहां अपना पक्ष रखा और सभी से वोट देने का अनुरोध किया।

सियासी बयानबाजी का दौर: इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई है। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी उम्मीदवार का उनके कार्यालय में सुरक्षित आना और जाना यह साबित करता है कि टीएमसी लोकतंत्र में अटूट विश्वास रखती है। दूसरी ओर, बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह बंगाल की मूल संस्कृति रही है, जिसे पिछले दशकों के शासन में नष्ट कर दिया गया था। बीजेपी का दावा है कि उनके उम्मीदवार ने उसी खोई हुई परंपरा और शिष्टाचार को पुनर्जीवित किया है। वर्धमान की यह घटना अब पूरे बंगाल में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *