१००० करोड़ की डील और डिप्टी सीएम की कुर्सी! हुमायूं कबीर के वायरल वीडियो ने बंगाल की राजनीति में मचाया हड़कंप

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए और भयानक राजनीतिक ध्रुवीकरण की सुगबुगाहट तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उन आरोपों को अब बल मिलता दिख रहा है, जिसमें वह अल्पसंख्यकों के वोट काटकर बीजेपी को फायदा पहुंचाने की साजिश की बात करती थी। ‘आम जनता विकास पार्टी’ के चेयरमैन हुमायूं कबीर का एक कथित विस्फोटक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है, जिसने राज्य के सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। (हालांकि, हम इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं)।
बीजेपी के बड़े दिग्गजों से संपर्क का दावा वायरल वीडियो में हुमायूं कबीर को सीधे तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि वह किसी भी कीमत पर ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करना चाहते हैं। इस मिशन के लिए उन्होंने दावा किया कि उनकी बातचीत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से हो चुकी है। उनका मानना है कि यदि मुस्लिम वोट टीएमसी से अलग हो जाते हैं, तो हिंदू वोट एकजुट होकर बीजेपी के पक्ष में जाएंगे।
१००० करोड़ की डील और ‘डिप्टी सीएम’ का पद इस वीडियो का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा पैसे का लेन-देन है। हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि राज्य की ७०-८० मुस्लिम बहुल सीटों पर अपनी रणनीति सफल बनाने के लिए उन्हें करीब १,००० करोड़ रुपये की जरूरत है। उनका कहना है कि यदि यह दांव सफल रहा, तो बीजेपी ने उन्हें राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यदि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती है, तो वह ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभाते हुए बीजेपी को ही समर्थन देंगे।
इस वीडियो के सामने आने के बाद टीएमसी ने इसे लोकतंत्र की हत्या और बीजेपी की साजिश बताया है। यदि यह वीडियो सही साबित होता है, तो यह बंगाल चुनाव के समीकरणों को पूरी तरह से पलट सकता है।