“बंगाली ही बंगाली का दुश्मन है, इसे रोकना होगा”, सुपरस्टार देव ने इंडस्ट्री को दी सीधी चेतावनी!

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री (टॉलीवुड) में वर्षों से चले आ रहे ‘बैन कल्चर’ के खिलाफ सुपरस्टार देव ने एक ऐसी जंग छेड़ी है, जिसका असर महज 36 घंटों में दिखने लगा है। अभिनेता राहुल की रहस्यमयी मौत के बाद जहां पूरी इंडस्ट्री शोक में डूबी थी, वहीं देव ने कड़ा रुख अपनाते हुए ‘इंडस्ट्री’ कहे जाने वाले प्रसेनजीत चटर्जी को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इस समय सीमा के खत्म होने से पहले ही डायरेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ ईस्टर्न इंडिया (DAEI) ने झुकते हुए प्रतिबंधित कलाकारों और निर्देशकों को वापस काम पर लेने का संकेत दे दिया है।

देव ने सोशल मीडिया पर इस जीत का जश्न मनाते हुए बताया कि उनके हस्तक्षेप के बाद डायरेक्टर्स गिल्ड ने कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) से अपना मामला वापस लेने का फैसला किया है। देव ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने 72 घंटे का समय दिया था, लेकिन जवाब 36 घंटे में ही आ गया। आज इंडस्ट्री की हालत नाजुक है। फिल्में नहीं चल रही हैं, सीरियल बंद हो रहे हैं। अगर हम एक-दूसरे पर प्रतिबंध लगाते रहेंगे, तो काम बढ़ेगा नहीं बल्कि खत्म हो जाएगा।”

सुपरस्टार ने भावनात्मक अपील करते हुए पूछा कि यदि काम न मिलने के कारण कोई प्रतिबंधित कलाकार राहुल की तरह आत्महत्या कर लेता, तो उसका जिम्मेदार कौन होता? उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद राजनीति करना नहीं, बल्कि टेक्नीशियनों के घरों में चूल्हा जलाना है। देव के इस कड़े स्टैंड ने फेडरेशन और आर्टिस्ट फोरम के बीच के गतिरोध को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। अब देखना यह है कि क्या इस फैसले के बाद टॉलीवुड में वास्तव में एक स्वस्थ कार्य संस्कृति की वापसी होती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *