यात्रियों की बल्ले-बल्ले! उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेनें, छुट्टियों में सफर होगा आसान

यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे (NFR) ने कई महत्वपूर्ण रूटों पर विशेष ट्रेनें चलाने और मौजूदा सेवाओं की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस कदम से उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
प्रमुख सेवाओं में ट्रेन संख्या 05754/05753 (न्यू जलपाईगुड़ी-मालदा टाउन-न्यू जलपाईगुड़ी) विशेष रूप से शामिल है, जो 10 से 30 अप्रैल 2026 तक सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। यह ट्रेन किशनगंज, बारसोई और कुमेदपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। साथ ही, न्यू जलपाईगुड़ी-बालुरघाट (05756/05755) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी 11 से 26 अप्रैल के बीच चलाई जाएगी। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए कानपुर सेंट्रल-गुवाहाटी (04127/04128) स्पेशल ट्रेन 9 अप्रैल से 15 मई तक हर सप्ताह चलेगी।
दक्षिण भारत से जुड़ने वाले यात्रियों के लिए सिकंदराबाद-नाहरलागुन (07046/07047) स्पेशल सेवा 10 अप्रैल से 25 मई तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी (04654/04653) ट्रेन की अवधि 1 मई तक बढ़ा दी गई है। गुवाहाटी-जलपाईगुड़ी रोड स्पेशल ट्रेन भी अप्रैल के अंत तक अपनी सेवाएं जारी रखेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन सभी विशेष ट्रेनों में 16 से 22 कोच होंगे, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।