बंगाल चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक! 100 अधिकारी चुनावी ड्यूटी से बाहर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासन की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात 100 पुलिस अधिकारियों (Bengal Police) को तत्काल प्रभाव से चुनावी ड्यूटी से हटा दिया गया है। आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि इनमें से किसी भी अधिकारी का उपयोग चुनाव संबंधी कार्यों में नहीं किया जा सकता है। यह निर्णय चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के पक्षपात के आरोपों से बचने के लिए लिया गया है।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, इस फेरबदल में कुल 100 अधिकारी शामिल हैं, जिनमें 81 इंस्पेक्टर और 19 सब-इंस्पेक्टर हैं। सूची में कूचबिहार के कुणालकांति दास, सिलीगुड़ी के प्रसेनजीत विश्वास, बारासात के अभिजीत दास और आसनसोल-दुर्गापुर के अमित कुमार सिन्हा महापात्रा जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा हावड़ा, मुर्शिदाबाद और पूर्वी मेदिनीपुर के भी कई चर्चित अफसरों को हटाया गया है।
हटाए गए 19 सब-इंस्पेक्टरों में सुंदरबन के शेख जहांगीर अली और कृष्णनगर के निर्मल्य दत्त जैसे नाम प्रमुख हैं। इन सभी अधिकारियों को आज, शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक अपनी नई पोस्टिंग पर कार्यभार संभालने और रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। चुनाव आयोग की इस सख्ती ने बंगाल पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि पारदर्शी मतदान प्रक्रिया के लिए आयोग आगे भी इस तरह के कड़े कदम उठा सकता है।