पानीहाटी से बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ की संपत्ति का खुलासा, जानें कितनी अमीर हैं ‘अभया की मां’

आरजी कर कांड की पीड़िता ‘अभया’ की मां रत्ना देबनाथ (Ratna Debnath) अब सीधे राजनीतिक रणभूमि में उतर चुकी हैं। उत्तर 24 परगना के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे से उनकी चल-अचल संपत्ति का पूरा विवरण सामने आया है, जो यह दर्शाता है कि एक साधारण परिवार से आने वाली रत्ना के पास कितनी पूंजी है।
हलफनामे के मुताबिक, रत्ना देबनाथ के पास केवल 20,000 रुपये नकद हैं। उनके पास अपना कोई घर या जमीन नहीं है। उनकी कुल चल संपत्ति 19 लाख 2 हजार 432 रुपये है। इसमें बैंक ऑफ इंडिया की सोदपुर शाखा में जमा राशि और 1 लाख व 8 लाख रुपये की दो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) शामिल हैं। रत्ना के पास 30 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग 4.35 लाख रुपये आंकी गई है। उनके पास एक कार भी है, जिसकी वह अपने पति के साथ संयुक्त मालिक हैं; यह कार उनकी बेटी ने उन्हें उपहार में दी थी।
वहीं, उनके पति शेखर रंजन देबनाथ की आर्थिक स्थिति रत्ना से बेहतर है। उनके पास कुल 35 लाख 96 हजार 349 रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें 10 लाख, 15 लाख और 5 लाख रुपये की तीन बड़ी एफडी शामिल हैं। अचल संपत्ति के रूप में उनके नाम पर 1080 वर्ग फुट का एक घर है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। भावना और न्याय की मांग को लेकर चुनावी मैदान में उतरीं रत्ना देबनाथ के लिए यह चुनाव ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसा है। अब देखना यह है कि पानीहाटी की जनता इस भावनात्मक मुद्दे पर उनका कितना साथ देती है।