नंदीग्राम में बड़ा ट्विस्ट! ‘शुभेंदु अधिकारी’ ने वापस लिया नाम, चुनाव की रेस से हुए बाहर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले नंदीग्राम सीट पर एक बड़ी खबर सामने आई है। नंदीग्राम से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करने वाले शुभेंदु अधिकारी ने अपना नाम वापस ले लिया है। इस फैसले ने नंदीग्राम की चुनावी बिसात को पूरी तरह बदल दिया है। गौरतलब है कि वह राज्य के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के हमनाम थे।

आयोग के निर्देशों के अनुसार, 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान में नंदीग्राम एक प्रमुख केंद्र है। यहां भाजपा के शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर के बीच सीधी टक्कर है। ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के मैदान में होने से भाजपा के वोट कटने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, गुरुवार को उन्होंने बिना किसी स्पष्ट कारण के अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे भाजपा खेमे ने राहत की सांस ली है।

निर्दलीय शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं और पेशे से व्यवसायी हैं। हालांकि उनका निवास स्थान कोलकाता है, लेकिन पूर्व मेदिनीपुर के मयना में उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि और घर है। नामांकन वापसी के बाद अब नंदीग्राम में कुल 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बचे हैं। अब सबकी निगाहें इस चर्चित सीट पर टिकी हैं कि क्या भाजपा यहां अपनी पकड़ मजबूत रख पाएगी या तृणमूल इस बार बाजी मारेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *