‘लोकतंत्र को चैत्र सेल की तरह बेचा जा रहा है’! हाड़ोवा की रैली से ममता का केंद्र पर बड़ा हमला

विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी रैलियों की रफ्तार तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को उत्तर 24 परगना के हाड़ोवा सर्कस मैदान में उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह रैली मीनाखां और हाड़ोवा विधानसभा के उम्मीदवारों ऊषारानी मंडल और मुफ्ती अब्दुल मतीन के समर्थन में आयोजित की गई थी। बारिश और कीचड़ के बावजूद हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।
मंच से ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया कि वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख लोगों के नाम साजिश के तहत हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “हम चुप नहीं बैठेंगे। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से 32 लाख नाम वापस जुड़वाए गए हैं, बाकी के लिए भी संघर्ष जारी है।” लोकतंत्र की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आजकल लोकतंत्र को चैत्र सेल (डिस्काउंट सेल) की तरह बाजार में बेचा जा रहा है।” उन्होंने बीजेपी पर बंगाल की भाषा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस व काजी नजरुल इस्लाम जैसे महापुरुषों के अपमान का भी आरोप लगाया।
सुंदरबन के विकास को लेकर ममता ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने वादा किया कि सुंदरबन को एक अलग जिला बनाया जाएगा ताकि वहां के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर न जाना पड़े। खारे पानी की समस्या और कृषि संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार ‘स्वर्ण’ नामक नए किस्म का धान विकसित कर किसानों की मदद कर रही है। महिलाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई उन्हें वोट देने से रोके, तो ‘झाड़ू’ लेकर अपना रास्ता खुद साफ करें। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी होने पर सावधानी बरतने की भी अपील की।