बंगाल चुनाव से 15 दिन पहले ईडी का बड़ा एक्शन! राशन घोटाले में 12 ठिकानों पर छापेमारी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मतदान में अब महज दो हफ्ते का समय बचा है, ऐसे में शुक्रवार तड़के से ईडी की टीमों ने कोलकाता सहित राज्य के 12 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारी मध्य कोलकाता के पोद्दार कोर्ट, मिंटो पार्क और लॉर्ड सिन्हा रोड स्थित कई व्यवसायियों के आवास और दफ्तरों की तलाशी ले रहे हैं। कोलकाता के अलावा बनगांव, मुर्शिदाबाद और हावड़ा में भी छापेमारी जारी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए एक आरोपी से पूछताछ के बाद कुछ नए व्यवसायियों के नाम सामने आए थे, जिसके आधार पर आज यह बड़ी कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि राशन घोटाले में राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक, बाकीबुर रहमान और शंकर आद्या जैसे रसूखदार लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि वे वर्तमान में जमानत पर हैं, लेकिन ईडी का मानना है कि भ्रष्टाचार की जड़ें और भी गहरी हैं। 2020 में शुरू हुई इस जांच में आरोप है कि सरकारी राशन का 20 से 40 प्रतिशत हिस्सा कालाबाजारी के जरिए बेचा गया था। चुनाव के मुहाने पर ईडी की इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *