क्या AAP छोड़ अपनी नई पार्टी बनाएंगे राघव चड्ढा? ‘Gen-Z’ पोस्ट पर ‘इंटरेस्टिंग’ कमेंट ने मचाया हड़कंप!

“पिक्चर अभी बाकी है”… राज्यसभा में अपना पद खोने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के दिग्गज युवा नेता राघव चड्ढा ने जब यह डायलॉग बोला था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि इसके पीछे की पटकथा इतनी गहरी होगी। पिछले कुछ समय से कयास लगाए जा रहे थे कि क्या राघव चड्ढा बीजेपी में शामिल होंगे या फिर राजनीति से ब्रेक लेंगे? लेकिन अब उनके एक सोशल मीडिया रिस्पॉन्स ने इन सभी अटकलों को एक नई दिशा दे दी है। माना जा रहा है कि राघव किसी और पार्टी का हाथ थामने के बजाय अपनी खुद की राजनीतिक जमीन तैयार करने की योजना बना रहे हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक समर्थक ने पोस्ट किया कि देश का युवा चाहता है कि राघव चड्ढा अपनी खुद की एक नई पार्टी बनाएं, जिसका नाम ‘Gen-Z Party’ हो सकता है। पोस्ट में तर्क दिया गया कि किसी और दल में शामिल होने से उनकी लोकप्रियता पर असर पड़ सकता है, इसलिए अपनी पार्टी बनाना ही उनके लिए सबसे बेहतर विकल्प होगा। इस पोस्ट पर राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए सिर्फ इतना लिखा— “Interesting thought” (दिलचस्प विचार)। उनके इस छोटे से कमेंट ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। जानकार इसे महज एक संयोग नहीं, बल्कि भविष्य की रणनीति का संकेत मान रहे हैं।
इस पूरी हलचल के पीछे आम आदमी पार्टी के साथ राघव की बढ़ती दूरियां मुख्य कारण मानी जा रही हैं। हाल ही में उन्हें राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता के पद से हटा दिया गया था, जिसे राजनीति में एक बड़े झटके के रूप में देखा गया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने के कारण राघव और पार्टी नेतृत्व के बीच तनाव चरम पर है। आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे नेताओं ने कथित तौर पर उन पर आरोप लगाया कि वह पीएम मोदी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने से पीछे हट रहे हैं। इस बीच, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल अपने करीबी सहयोगियों को इस्तेमाल कर किनारे करने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि राघव का राज्यसभा कार्यकाल 2028 तक सुरक्षित है, लेकिन उनके ‘इंटरेस्टिंग’ विचारों ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।