उत्तर बंगाल में एम्स और आईआईटी का वादा! अमित शाह ने खोला बीजेपी का ‘संकल्प पिटारा’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने उत्तर बंगाल के विकास को अपने संकल्प पत्र में सबसे ऊपर रखा है। शुक्रवार को कोलकाता में घोषणापत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कीं। शाह ने वादा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में एम्स (AIIMS), आईआईटी (IIT), आईआईएम (IIM) और फैशन डिजाइनिंग संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
पहाड़ और डुआर्स की जनता के लिए शाह ने एक विशेष कैंसर अस्पताल और खेल विश्वविद्यालय (Sports University) बनाने का संकल्प लिया। चाय बागानों की बदहाली को दूर करने के लिए उन्होंने कहा, “हम पुराने चाय बागानों को नया जीवन देंगे और दार्जिलिंग चाय की ग्लोबल ब्रांडिंग के लिए एक विशेष बोर्ड का गठन करेंगे।” इसके साथ ही, चाय श्रमिकों के बच्चों के लिए अत्याधुनिक स्कूल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दार्जिलिंग को ‘इको हेरिटेज सेंटर’ के रूप में विकसित करने और रॉयल बंगाल टाइगर के पुनर्वास पर भी जोर दिया गया है।
चुनावी मंच से ममता सरकार पर हमला बोलते हुए शाह ने संदेशखाली और आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं डरी हुई हैं और उनकी सुरक्षा बीजेपी की प्राथमिकता है। संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने ‘वंदे मातरम संग्रहालय’ बनाने और गौड़ीय मठ व इस्कॉन जैसी संस्थाओं की जमीनों से अतिक्रमण हटाने का वादा किया। शाह ने स्पष्ट किया कि बीजेपी उत्तर बंगाल को अलग राज्य बनाए बिना विकास के जरिए मुख्यधारा में लाएगी।