गर्भवती महिलाओं को २१,००० रुपये और मुफ्त बस यात्रा! बंगाल चुनाव के लिए अमित शाह का ‘महिला कार्ड’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और बीजेपी ने अपने ‘संकल्प पत्र’ के जरिए महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए बड़ा दांव खेला है। शुक्रवार को न्यू टाउन के एक होटल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल की महिलाओं के लिए कई ऐतिहासिक वादे किए, जिसमें गर्भवती महिलाओं को २१,००० रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी परिवहन में महिलाओं के लिए १००% मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रमुख है।

अमित शाह ने अपने संबोधन में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा के लिए हम कड़े कदम उठाएंगे। अब किसी मुख्यमंत्री को यह नहीं कहना पड़ेगा कि महिलाएं रात में बाहर न निकलें।” उन्होंने वादा किया कि संदेशखाली जैसी घटनाओं की जांच के लिए एक सेवानिवृत्त महिला न्यायाधीश के नेतृत्व में विशेष कमेटी बनाई जाएगी, जो पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाएगी। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण का भी संकल्प लिया गया है।

विकास के मोर्चे पर शाह ने ताजपुर और कुलपी में ‘डीप सी पोर्ट’ बनाने और चाय व जूट उद्योग को पुनर्जीवित करने का खाका पेश किया। उन्होंने बंगाल को ‘ब्लू इकोनॉमी’ का प्रमुख निर्यात केंद्र बनाने की बात कही। संकल्प पत्र जारी करने के बाद अमित शाह अब चुनावी रैलियों के लिए निकल चुके हैं, जहां वे डेबरा, खड़गपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बीजेपी का यह ‘संकल्प पत्र’ बंगाल की सत्ता में वापसी के लिए पार्टी का सबसे बड़ा हथियार माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *