आशा भोसले की अनसुनी दास्तां: क्यों खुदकुशी करना चाहती थीं ‘सुरों की रानी’? लता दीदी से भी टूटा था रिश्ता!

दिग्गज गायिका आशा भोसले के स्वास्थ्य को लेकर आई खबरों ने उनके करोड़ों प्रशंसकों को चिंता में डाल दिया है। ९२ वर्षीय आशा जी को दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनके जीवन की कहानी किसी फिल्म की पटकथा से कम नहीं है, जहां उन्होंने गरीबी, घरेलू हिंसा और अपमान को मात देकर दुनिया पर राज किया।
लता मंगेशकर से अनबन और शादी का विवाद: आशा जी के जीवन में असली तूफान तब आया जब महज १६ साल की उम्र में उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से शादी कर ली। इस फैसले से उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने आशा जी से बातचीत बंद कर दी। शादी के बाद आशा जी को भयंकर घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए थे कि उन्होंने आत्महत्या तक करने का विचार कर लिया था।
तिरस्कार से विश्व रिकॉर्ड तक: करियर की शुरुआत भी आशा जी के लिए कांटों भरी थी। १९४७ में संगीत निर्देशक खेमचंद प्रकाश ने उनकी आवाज को ‘बेहद खराब’ बताते हुए उन्हें स्टूडियो से बाहर निकाल दिया था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और १४ भाषाओं में १२,००० से अधिक गाने गाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया।
पंचम दा और दूसरी शादी: उनकी दूसरी शादी आर.डी. बर्मन से हुई, लेकिन यह भी आसान नहीं था। पंचम दा की मां इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं क्योंकि आशा जी उनसे ६ साल बड़ी थीं और तीन बच्चों की मां थीं। तमाम विरोधों के बावजूद १९८० में दोनों एक हुए और संगीत जगत को यादगार नगमे दिए। आज अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही इस महान कलाकार के लिए पूरा देश दुआएं मांग रहा है।