सिर्फ ५० सेकंड और १३ लाशें! १०० की स्पीड से आ रही बस ने पिकअप को उड़ाया, बिहार में खौफनाक मंजर

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम नेशनल हाईवे ३१ पर एक ऐसा भयावह हादसा हुआ जिसे देख प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप गई। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बस ने महज ५० सेकंड के भीतर १३ लोगों की जिंदगी खत्म कर दी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार १०० किमी प्रति घंटे से भी अधिक थी और ड्राइवर पूरी तरह नशे में धुत था।
हादसे की दिल दहला देने वाली दास्तां: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित बस ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस ने सामने से आ रही एक पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ‘विस्फोट’ जैसी आवाज हुई और पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। मरने वालों में १० महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। ये सभी लोग पूर्णिया जिले के निवासी थे और झारखंड के एक धार्मिक मेले से लौट रहे थे।
प्रशासनिक लापरवाही का खुलासा: जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का फिटनेस सर्टिफिकेट २०२१ में ही खत्म हो चुका था। यानी पिछले ५ सालों से यह बस अवैध रूप से सड़क पर दौड़ रही थी। बस का बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र भी एक्सपायर हो चुका था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण ही ऐसी ‘खटारा’ गाड़ियां लोगों की जान ले रही हैं।
हादसे में २७ लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को २ लाख रुपये और घायलों को ५० हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।