धोनी की कमी नहीं खलने दी! संजू सैमसन का तूफानी शतक, दिल्ली को हराकर चेन्नई ने दर्ज की पहली जीत

आईपीएल २०२६ में आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के प्रशंसकों का इंतजार खत्म हुआ। एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से वो करिश्मा कर दिखाया, जिसकी उम्मीद फैंस को थी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए संजू ने इस सीजन का पहला शतक जड़ा और चेन्नई को २३ रनों से शानदार जीत दिलाई। यह चार मैचों में चेन्नई की पहली जीत है।
संजू की आतिशी पारी और दिल्ली पस्त धोनी काफ मसल की चोट के कारण कल भी मैच नहीं खेल सके, लेकिन संजू ने कप्तानी पारी की तरह जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने मात्र ५६ गेंदों में ११५ रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें १५ चौके और ४ गगनचुंबी छक्के शामिल थे। युवा आयुष मात्रे (५९) ने भी उनका भरपूर साथ दिया। इन दोनों की बदौलत सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए २१२ रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के फील्डर्स ने संजू का कैच छोड़कर जो गलती की, उसकी सजा उन्हें हार के रूप में भुगतनी पड़ी।
दिल्ली का संघर्ष और जेमी ओवरटन का वार २१३ रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान अक्षर पटेल (१) और समीर रिजवी (६) जैसे बड़े नाम सस्ते में निपट गए। ट्रिस्टन स्टब्स (६०) ने अकेले लड़ाई लड़ी, लेकिन जेमी ओवरटन की धारदार गेंदबाजी के सामने कोई टिक नहीं सका। ओवरटन ने ४ ओवर में मात्र १८ रन देकर ४ विकेट झटके। दिल्ली की पूरी टीम १८९ रनों पर सिमट गई।
धोनी की वापसी पर बड़ा अपडेट मैच के बाद संजू सैमसन ने कहा कि वह चेन्नई टीम के भरोसे से बहुत खुश हैं। अब सबकी नजरें मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ होने वाले मैच पर हैं। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि धोनी इस मैच तक फिट हो जाएंगे और मैदान पर कप्तानी करते नजर आएंगे। फिलहाल चेन्नई पॉइंट्स टेबल में ९वें स्थान पर है, जबकि दिल्ली चौथे स्थान पर बरकरार है।