बंगाल में गर्मी का ‘टॉर्चर’! 7 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान, जानें आपके शहर में मानसून जैसा हाल कब होगा?

पश्चिम बंगाल में चैत्र महीने के अंत के साथ ही गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अलीपुर मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान में भारी बढ़ोतरी होने वाली है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
कोलकाता में रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन उमस (Humidity) 93% तक होने के कारण पसीने वाली गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। शहर का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सबसे बुरा हाल पश्चिमी जिलों का होगा। बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में पारा 38 से 40 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी तक आधिकारिक रूप से लू (Heatwave) की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बेचैनी बढ़ाने वाली गर्मी जारी रहेगी।
उत्तर बंगाल की बात करें तो वहां के पहाड़ी इलाकों जैसे दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण बंगाल के लिए फिलहाल बारिश की कोई अच्छी खबर नहीं है। सोमवार को पश्चिमी जिलों में स्थानीय स्तर पर बादल बनने से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बंगाली नववर्ष (पॉयला बैसाख) के मौके पर भारी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। यानी नए साल की शुरुआत भीषण गर्मी और उमस के साथ ही होगी।