अंकुरित सब्जियां खाना खतरनाक हो सकता है! बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इनसे रहें दूर
नई दिल्ली: स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच अंकुरित सब्जियां या स्प्राउट्स काफी लोकप्रिय हैं। इनमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, फाइबर और खनिज होते हैं, जिस वजह से इन्हें अक्सर ‘सुपरफूड’ माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ अंकुरित सब्जियां आपके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक भी हो सकती हैं? खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं, ऑटोइम्यून बीमारियों से पीड़ित लोगों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्तियों के लिए ये गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती हैं।
आइए जानते हैं ऐसी पाँच अंकुरित सब्जियों के बारे में जिनसे आपको बचना चाहिए:
अंकुरित प्याज: कई बार पुराने प्याज से हरे अंकुर निकल आते हैं। कुछ लोग इन्हें स्प्रिंग अनियन समझकर इस्तेमाल कर लेते हैं, जो गलत है। जब अंकुरित प्याज नरम हो जाए और उसकी गंध बदल जाए, तो इसे खाने से विषाक्तता का खतरा बढ़ जाता है।
अंकुरित लहसुन: लहसुन में अंकुरण होने पर उसका स्वाद कड़वा हो सकता है। यदि अंकुर नीले या फफूंद लगे दिखें, तो उन्हें तुरंत फेंक देना चाहिए। ऐसा लहसुन खाने से पाचन संबंधी समस्याएं और फ़ूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।
अंकुरित आलू: आलू में अंकुरण होने पर सोलानिन नामक एक जहरीला पदार्थ बनता है। इसे खाने से पेट दर्द, उल्टी और दस्त हो सकते हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह और भी खतरनाक हो सकता है।
कच्चा अंकुरित अल्फाल्फा: अल्फाल्फा के अंकुर वैसे तो बेहद पौष्टिक होते हैं, लेकिन इनमें बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनप सकते हैं। इन्हें कच्चा खाने से ई-कोलाई या साल्मोनेला जैसे संक्रमण का खतरा रहता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खतरनाक हो सकता है।
अंकुरित किडनी बीन्स (राजमा): राजमा के बीजों को अंकुरित करने पर उनमें फाइटोहैमाग्लूटिनिन नामक एक जहरीले यौगिक की मात्रा बढ़ जाती है। यदि इन्हें ठीक से न पकाया जाए, तो यह आंतों की समस्या, दस्त और यहाँ तक कि गंभीर विषाक्तता का कारण बन सकता है।
क्यों खतरनाक हैं कच्चे अंकुरित बीज?
पोषण विशेषज्ञ और डॉक्टर बताते हैं कि कच्चे अंकुरित बीजों में अक्सर ऐसे बैक्टीरिया पनपते हैं जो संक्रमण का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा, अत्यधिक प्रोटीन और फाइबर कभी-कभी पाचन संबंधी समस्याएं जैसे गैस, दस्त या कब्ज पैदा कर सकते हैं। कच्चे अंकुरित सब्जियों का अधिक सेवन बवासीर (पाइल्स) की समस्या को भी बढ़ा सकता है।
क्या करें?
अंकुरित सब्जियों को खाने से पहले हमेशा अच्छी तरह से पकाएं। लंबे समय से रखे हुए या दुर्गंधयुक्त अंकुरित सब्जियों का सेवन बिल्कुल न करें। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को कच्ची अंकुरित सब्जियां खाने से पूरी तरह बचना चाहिए। यदि आपको कोई संदेह हो तो हमेशा किसी पोषण विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लें।