करेला ही नहीं, अब इसकी पत्तियां भी करेंगी शुगर कंट्रोल! जानें एक्सपर्ट की राय

करेला सदियों से अपने औषधीय गुणों और मधुमेह प्रबंधन में उपयोग के लिए जाना जाता है। अब आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के अनुसार, करेले की पत्तियां भी स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं और रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक हो सकती हैं। इन पत्तियों में इंसुलिन जैसे तत्व पाए जाते हैं जो ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। विशेषज्ञ किरण गुप्ता ने बताया कि करेले की पत्तियां न केवल डायबिटीज को नियंत्रित करती हैं, बल्कि पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखती हैं और आयरन तथा फोलिक एसिड प्रदान कर हीमोग्लोबिन बढ़ाती हैं।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि 6 से 8 करेले की पत्तियां धोकर, उन्हें थोड़े पानी के साथ पीसकर सुबह खाली पेट इसका जूस पीना फायदेमंद होता है। हालांकि, यह एक देसी नुस्खा है और इसे डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं का विकल्प नहीं समझना चाहिए। इसका सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करना चाहिए, क्योंकि अधिक मात्रा में सेवन से शुगर लेवल बहुत कम हो सकता है। गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को सेवन से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लेनी चाहिए।