पैरों में सूजन, दर्द और लालपन किसी बड़ी बीमारी का संकेत तो नहीं? तुरंत जानें

पैरों में होने वाली हल्की-फुल्की परेशानी को अक्सर लोग थकान या सामान्य दर्द समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन ये संकेत कई गंभीर बीमारियों की ओर इशारा कर सकते हैं। दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल की पेन कंसलटेंट डॉ. भुवना आहुजा के अनुसार, पैरों में लगातार सूजन, दर्द या लालपन का बने रहना विटामिन की कमी, शरीर में पानी जमा होने या थायरॉइड जैसी समस्याओं का लक्षण हो सकता है। यह क्लॉडिकेशन (पैरों की धमनियों में रक्त प्रवाह में कमी) या डीप वेन थ्रॉम्बोसिस (पैर लाल होना और जलन महसूस होना) जैसी गंभीर स्थिति का भी संकेत हो सकता है, जिसे नज़रअंदाज़ करना बड़ा खतरा बन सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिंडलियों में लंबे समय तक दर्द का बना रहना भी सामान्य नहीं है। यह विटामिन डी की कमी से लेकर पेरिफेरल आर्टरी डिजीज का संकेत हो सकता है। हाथ-पैरों का अधिक ठंडा रहना या पैरों का अपने आप गर्म होकर लाल पड़ जाना भी ब्लड प्रेशर में कमी या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की चेतावनी हो सकता है। ऐसे में पैरों से जुड़े किसी भी असामान्य संकेत को तुरंत समझना और डॉक्टर से सलाह लेना बेहद ज़रूरी है, ताकि किसी बड़ी बीमारी से बचा जा सके।