गाय-भैंस के घी में कौन बेहतर? कम कोलेस्ट्रॉल वाला कौन सा घी आपके लिए सही

भारतीय रसोई का अहम हिस्सा घी स्वाद के साथ-साथ सेहत का खजाना भी है, पर अक्सर यह सवाल उठता है कि गाय का घी बेहतर है या भैंस का। गुणों, स्वाद और असर में इन दोनों में बड़ा फर्क होता है। गाय का घी हल्का पीला, पतला और आसानी से पचने वाला माना जाता है, जो पाचन और दिल की सेहत के लिए बेहतर है। आयुर्वेद इसे ‘सात्विक’ कहकर मन और शरीर को शांत करने वाला बताता है। यह वजन नियंत्रण करने वालों के लिए भी सही है क्योंकि इसमें फैट और कोलेस्ट्रॉल कम होता है।
दूसरी ओर, भैंस का घी सफेद, गाढ़ा और स्वाद में रिच होता है, जिसे ‘तामसिक’ कहा गया है क्योंकि यह शरीर में ताकत और ऊर्जा बढ़ाता है। भैंस के घी में फैट और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए यह उन लोगों के लिए फायदेमंद है जिन्हें वजन बढ़ाना हो या जो कड़ी मेहनत करते हों। हालांकि, हृदय या कोलेस्ट्रॉल की समस्या से जूझ रहे लोगों को इसका सेवन सीमित करना चाहिए। आपकी सेहत और जरूरत के हिसाब से सही घी का चुनाव करना आपकी थाली और सेहत दोनों को बदल सकता है।