कच्चा नारियल और अनार का जूस पीने से शरीर में होते हैं ऐसे बदलाव, सद्गुरु ने खोला राज

हेल्दी रहने के लिए दिन की शुरुआत जूस से करना एक बेहतरीन आदत है, और सद्गुरु जैसे विशेषज्ञ मानते हैं कि सही मात्रा और मिश्रण में लिए गए कुछ खास जूस शरीर के लिए चमत्कारी साबित हो सकते हैं। ईशा फाउंडेशन की वेबसाइट पर एक ब्लॉग पोस्ट में, सद्गुरु ने कच्चे नारियल के पानी और गूदे को अनार के दानों के साथ मिलाकर पीने के जबरदस्त फायदे विस्तार से बताए हैं। उन्होंने इस मिश्रण को बनाने का सरल तरीका भी साझा किया है, जिससे यह नेचुरली कम कैलोरी वाला एनर्जी ड्रिंक शरीर को तुरंत ऊर्जा और सही पोषण दे सके।
पोस्ट के अनुसार, यह मिश्रण डिहाइड्रेशन के दौरान जरूरी पोटेशियम और अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करता है, साथ ही शरीर की गर्मी को कम करने में भी सहायक है। कच्चा नारियल पानी में मौजूद पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे मिनरल्स ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करते हैं और हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। वहीं, अनार का रस विटामिन C, B5 और पोटेशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो मस्तिष्क के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक है।