स्मार्टफोन से खतरे में आपका अंगूठा! हो सकता है ‘नम्ब थम्ब’, पैरालिसिस से पहले जान लें समाधान

स्मार्टफोन आज हमारी जिंदगी का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसका अत्यधिक उपयोग अब सेहत के लिए एक बड़ा खतरा बन रहा है। घंटों तक मोबाइल स्क्रीन पर रहने के कारण सबसे ज्यादा असर हमारे अंगूठे पर पड़ता है। शुरुआत में हल्के दर्द से यह समस्या गंभीर होकर अंगूठे के सुन्न होने तक जा सकती है। चिकित्सा जगत में इसे ‘नम्ब थम्ब’ कहा जाता है, जिसे ‘ब्लैकबेरी सिंड्रोम’ या ‘ओवर यूज सिंड्रोम’ के नाम से भी जाना जाता है। इस स्थिति में अंगूठे के सिरे पर दर्द, उसे मोड़ने में परेशानी, कलाई में दर्द और चीजों को कसकर पकड़ने की क्षमता में कमी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ इस समस्या से बचने के लिए तुरंत फोन के इस्तेमाल को सीमित करने की सलाह देते हैं। यदि आपको अंगूठे के निचले हिस्से में दर्द या सुन्नता महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ‘नम्ब थम्ब’ का इलाज मुख्य रूप से अंगूठे को आराम देने, दर्द निवारक दवाओं, फिजियोथेरेपी और कुछ विशेष व्यायामों के माध्यम से किया जाता है। यदि समस्या नियंत्रण में नहीं आती है, तो स्प्लिंट पहनने या अंतिम विकल्प के रूप में सर्जरी की भी आवश्यकता पड़ सकती है। नियमित उंगली के व्यायाम और विटामिन ई से भरपूर आहार इस गंभीर समस्या से बचाव में सहायक हैं।