कितने दोस्त हैं आपके? रोबिन डनबर का यह सिद्धांत सुनकर चौंक जाएंगे आप!

ब्रिटिश मनोवैज्ञानिक और प्राइमेट व्यवहार विशेषज्ञ रोबिन डनबर के सुविख्यात सिद्धांत के अनुसार, मानव मस्तिष्क अधिकतम 150 लोगों के साथ सार्थक सामाजिक संबंध बनाए रखने में सक्षम है। यह संख्या ‘डनबर संख्या’ या ‘सोशल ब्रेन हाइपोथीसिस’ के नाम से जानी जाती है। मस्तिष्क के नियोकॉर्टेक्स क्षेत्र के आकार के आधार पर यह सीमा निर्धारित की गई है, जो स्मृति, भाषा और सामाजिक संबंधों को नियंत्रित करता है। डनबर का मानना है कि 150 की सीमा पार करने पर रिश्ते अक्सर एकतरफा हो जाते हैं, क्योंकि पारस्परिक संबंधों के लिए आवश्यक ध्यान और समय देना संभव नहीं होता।
डनबर के सिद्धांत के अनुसार, इन 150 लोगों के भीतर संबंधों के कई स्तर हैं: 5 करीबी दोस्त या परिवार, 15 अच्छे दोस्त और 50 दोस्त। हालाँकि, आपके परिचितों (acquaintances) की संख्या कहीं अधिक हो सकती है, लेकिन आपका सामाजिक ‘नेटवर्क’ या गहरे संबंधों की सीमा इन 150 लोगों तक ही सीमित है। हालांकि, स्टॉकहोम विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं सहित कुछ लोग इस सिद्धांत से असहमत हैं, जिनका कहना है कि मस्तिष्क के आकार के आधार पर सामाजिक समूह के आकार की कोई निश्चित मानसिक सीमा निर्धारित नहीं की जा सकती।