पानी पर तैरता खूबसूरत गांव, नाव से आवाजाही, नाव पर ही बाजार

आपने वेनिस शहर के बारे में तो सुना होगा जो पानी पर तैरता है, लेकिन क्या आपने पानी पर बने किसी गांव के बारे में सुना है? साल 1995 में हॉलीवुड फिल्म ‘वॉटरवर्ल्ड’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में पूरे शहर को पानी पर बना हुआ दिखाया गया था। ऐसा ही एक गांव अफ्रीका में भी है। यह झोपड़ीनुमा बस्ती बेनिन में स्थित है, इस गांव का नाम गैंवी (Ganvie) है। इसे ‘अफ्रीका का वेनिस’ कहा जाता है। यहां के जलमार्गों पर सुंदर नावें चलती हैं, यह गांव वेनिस जैसा ही दिखता है। हालांकि, असल में यहां के घर इटली के वेनिस से काफी अलग हैं।
गैंवी अफ्रीका के बेनिन देश के कोटोनाऊ के पास नोके झील पर स्थित एक गांव है। बेनिन की राजधानी अबोमी में दो शाही महल हैं, जहां इंसानी खोपड़ियों पर सिंहासन बने हुए हैं। जब हम दुनिया के अजीबोगरीब और रहस्यमयी स्थानों के बारे में सोचते हैं, तो इस झील पर बना यह अनोखा गांव उनमें से एक है। यहां 30,000 से अधिक ग्रामीण हैं, जो बांस से बने घरों में रहते हैं। सभी घर लकड़ी के खंभों पर टिके हुए हैं। हालांकि, यह शहर पानी पर स्थित है, लेकिन पीने के पानी की यहां सबसे बड़ी समस्या है।
गांव में ये सुविधाएं उपलब्ध हैं
पानी पर स्थित गांव में सुविधाएं सामान्य गांव जैसी ही हैं। यहां हाथ से बनी चीजें बेची जाती हैं। इसके अलावा, यहां पानी पर तैरता हुआ बाजार लगता है। इस बस्ती में गांव के बच्चों के लिए जमीन पर एक स्कूल बनाया गया है। यहां एक बैंक, पोस्ट ऑफिस, एक चर्च, एक मस्जिद और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध है। यहां कब्रिस्तान के लिए ग्रामीणों को भारी मात्रा में मिट्टी मंगवानी पड़ती है।
पर्यटकों से होती है आय
यहां के अधिकांश ग्रामीण मछली पकड़ते हैं। इसके अलावा, आने वाले पर्यटकों के कारण उनकी आय होती है। इस क्षेत्र के मछुआरे बांस और जाल का उपयोग करके विभिन्न तकनीकों से मछली पकड़ते हैं। कई ग्रामीण बाहर जमीन खरीदकर दुग्ध उत्पादक पशु भी पाल रहे हैं। पानी पर ही कुछ रेस्तरां हैं, जहां ताजी मछली और चावल के व्यंजन मिलते हैं। नाव पर ही फल और सब्जियां बेची जाती हैं।