Viral Video: बच्चे पर आई आफत तो मां गिलहरी ने कर दिया खतरनाक सांप का काम तमाम, देखिए साहस की ये चौंकाने वाली जंग!

बच्चे पर संकट आया, तो एक नन्ही गिलहरी ने अपने आकार से कई गुना बड़े और खतरनाक सांप को ही मार डाला! यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन सोशल मीडिया पर यह चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

@AMAZlNGNATURE आईडी से एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो में मां की ममता और साहस का अद्भुत नज़ारा कैद है। वीडियो में दिख रहा है कि एक सांप ने अपनी कुंडली में एक नन्ही गिलहरी को बुरी तरह जकड़ रखा है। अपने बच्चे को सांप के चंगुल से छुड़ाने की हर कोशिश नाकाम होने के बाद, मां गिलहरी सीधे सांप से भिड़ जाती है।

सांप को मौत के घाट उतारा

लगभग दो मिनट बीस सेकंड तक चले इस खूनी संघर्ष में, गिलहरी ने जबरदस्त फुर्ती और बहादुरी का प्रदर्शन किया। सांप बार-बार हमलावर गिलहरी को काटने की कोशिश करता है, लेकिन वह अपनी तेज़ी से हर बार बच निकलती है। जब सांप बच्चे को अपनी पूंछ से कसकर लपेट लेता है, तो मां गिलहरी तुरंत उस पर हमला बोल देती है। वह अपने नुकीले दांतों से सांप के शरीर पर बार-बार काटती है और पंजों से खींचती है।

लड़ाई के दौरान, सांप एक बार मां गिलहरी को भी अपनी पकड़ में लेने की कोशिश करता है, लेकिन चतुराई दिखाते हुए वह उसकी जकड़ से निकल जाती है और दोगुने जोश से हमला करती है। आखिरकार, मां की ममता सांप के वश से बाहर हो जाती है। गिलहरी लगातार हमला जारी रखती है और अंत में सांप की गर्दन पर वार करके उसे ढेर कर देती है

जख्मी बच्चे को घर ले गई बहादुर मां

जबरदस्त लड़ाई के बाद गिलहरी ने अपने बच्चे को तो बचा लिया, लेकिन सांप की कुंडली में बुरी तरह कसे जाने के कारण वह बेजान-सा हो गया था और चल भी नहीं पा रहा था। इसके बाद मां गिलहरी ने जो ममता दिखाई, वह दिल जीत लेने वाली थी। वह अपने बच्चे को मुंह में पकड़कर तुरंत पेड़ पर चढ़ गई, जहाँ उसका सुरक्षित ठिकाना था।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अब तक १.७७ लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। यूजर्स इस बहादुर मां की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘ये ज़िंदगी और मौत का मुकाबला था। सरासर जानलेवा लड़ाई। अपने बच्चे की जिंदगी के लिए लड़ रही किसी मां के खिलाफ कभी शर्त मत लगाइए।‘ वहीं दूसरे ने कमेंट किया, ‘जिनसे आप प्यार करते हैं, उनका साथ कभी मत छोड़िए। कभी नहीं।’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *