15 दिन के बच्चे को मां ने डाला फ्रिज में! भूत-प्रेत का साया नहीं, चौंकाने वाली बीमारी है असली वजह
November 7, 2025

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 23 वर्षीय मां ने अपने 15 दिन के नवजात बेटे को फ्रिज में रख दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसकी दादी ने उसे समय रहते बचा लिया। शुरू में परिवार ने महिला पर भूत-प्रेत का साया होने का शक किया और उसे तांत्रिक के पास ले गए, लेकिन बाद में पता चला कि महिला पोस्टपार्टम डिसऑर्डर (Postpartum Disorder) से पीड़ित है।
मानसिक बीमारी से जूझ रही इस महिला ने तनाव के चलते यह खतरनाक कदम उठाया था। फिलहाल, उनका इलाज एक मनोरोग विशेषज्ञ (साइकेट्रिस्ट) की देखरेख में चल रहा है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और डॉक्टरों ने प्रसव के बाद महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति परिवारों को जागरूक रहने तथा ऐसे विकारों का समय पर इलाज कराने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया है।