शादी में घंटों लेट पहुंचा दूल्हा, गुस्साई दुल्हन ने उसी मंडप में दूसरे शख्स से कर ली शादी

महाराष्ट्र के बुलढाणा ज़िले के मलकापुर पांगरा गांव में एक शादी समारोह में बड़ा ड्रामा हुआ। 22 अप्रैल को शाम 4 बजे विवाह का शुभ मुहूर्त था, लेकिन दूल्हा समय पर नहीं पहुंचा। शाम ढलकर रात 8 बज गई, फिर भी दूल्हे का पता नहीं था, वह कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर नाचने में व्यस्त था। घंटों इंतजार के बाद, दुल्हन ने दूल्हे की इस घोर लापरवाही पर सख्त कदम उठाने का फैसला किया।
शराबी दूल्हे को अस्वीकार करते हुए, दुल्हन ने तुरंत अपने परिवार के समर्थन से उपस्थित रिश्तेदारों में से एक युवक से शादी करने का निर्णय लिया। दूल्हे के देर से पहुंचने और नशे में धुत होने के कारण, उसी मंडप में दूसरे लड़के से दुल्हन का विवाह संपन्न करा दिया गया। रात 8 बजे जब दूल्हा मंडप में पहुंचा, तो अपनी दुल्हन को दूसरे के साथ शादी करते देख वह सिर पकड़कर बैठ गया। यह घटना पूरे इलाक़े में चर्चा का विषय बनी हुई है।