हिंदू युवक का सनसनीखेज आरोप पिता-सौतेली माँ ने बेंगलुरु में कराया जबरन खतना-धर्म परिवर्तन

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक हिंदू युवक ने अपने पिता और सौतेली मां पर जबरन धर्म परिवर्तन और खतना कराने का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कृष्णा खोसला नाम के इस युवक ने दावा किया है कि उसे बेंगलुरु भेजकर जबरदस्ती इस्लाम धर्म अपनाने को मजबूर किया गया और उसका खतना करा दिया गया। उसका आरोप है कि इस पूरी घटना में उसके पिता राजीव खोसला, जिन्हें ‘साईं रिज्क शाह’ या ‘पीर बाबा’ कहा जाता है, और उसकी सौतेली मां शामिल हैं। पुलिस ने इस गंभीर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कृष्णा खोसला के अनुसार, इसी साल जनवरी में सौतेली मां के कहने पर पिता ने उसे बेंगलुरु के भटकल भेजा, जहाँ पढ़ाई के बजाय उसे एक मुस्लिम परिवार के साथ काम पर लगाया गया और प्रताड़ित किया गया। युवक का कहना है कि उसके पास इस जबरन धर्मांतरण का मेडिकल प्रमाण पत्र भी है, जिसमें उसका नया मुस्लिम नाम ‘हैदर अली’ दर्ज है। दादा और इंग्लैंड में रह रही मां की मदद से घर लौटने के बाद उसने पुलिस कमिश्नर, थाना छेहरटा और चाइल्ड केयर विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।