बैंक मैनेजर की सूझबूझ से डिजिटल अरेस्ट का शिकार महिला के सवा करोड़ बचे

लखनऊ के मामा चौराहा स्थित पीएनबी शाखा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ७५ वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी १.१३ करोड़ रुपये की १२ एफडी तुरंत तोड़ने की जिद की। महिला की घबराहट और किसी से फोन पर छुपकर बात करने के अंदाज ने बैंक मैनेजर को सतर्क कर दिया। शुरुआती पूछताछ में महिला ने बच्चों के लिए पैसे की जरूरत बताई, लेकिन बैंक कर्मियों की गहन जांच में डिजिटल अरेस्ट का सनसनीखेज मामला सामने आया।
जांच में पता चला कि जालसाज नकली सीबीआई अधिकारी बनकर पिछले चार दिनों से महिला को डरा रहे थे। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग का झूठा आरोप लगाकर पूरी जमा पूंजी हड़पने की साजिश थी। बैंक मैनेजर और कर्मियों ने तीन घंटे तक महिला की काउंसलिंग की और पुलिस को सूचित कर उनकी उम्र भर की कमाई को साइबर ठगों के हाथ में जाने से बचा लिया। पुलिस ने बैंक कर्मियों की इस सजगता की जमकर सराहना की है।