एशिया कप फाइनल आज, भारत-पाकिस्तान में खिताबी जंग, कौन बनेगा चैंपियन? जानें ऐतिहासिक रिकॉर्ड
क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंदिता का मंच सज चुका है। एशिया कप 2025 का फाइनल आज रात 8 बजे से दुबई के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह क्रिकेट इतिहास में 13वीं बार होगा जब ये दोनों टीमें किसी टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी।
फाइनल का इतिहास पाकिस्तान के पक्ष में
मौजूदा फॉर्म में भारतीय टीम काफी मजबूत दिखती है, लेकिन जब बात फाइनल मुकाबलों की आती है तो इतिहास पाकिस्तान का दबदबा दिखाता है। दोनों देशों के बीच अब तक हुए 12 फाइनल मुकाबलों में से पाकिस्तान ने 8 खिताब जीते हैं, जबकि टीम इंडिया सिर्फ 4 बार ही टाइटल अपने नाम कर सकी है। यह आंकड़ा पाकिस्तान के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला हो सकता है।
टी20 और एशिया कप में भारत का दबदबा बरकरार
हालांकि, ओवरऑल रिकॉर्ड में भारत का पलड़ा साफ तौर पर भारी है। टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 15 मुकाबलों में से भारत ने 12 जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत मिली है। वहीं, एशिया कप के इतिहास में भी भारत आगे है; यहां हुए 20 मैचों में टीम इंडिया ने 12 (60%) मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान के खाते में सिर्फ 6 जीत हैं।
मौजूदा भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और उसे पाकिस्तान के मुकाबले मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, फाइनल की भिड़ंत हमेशा अप्रत्याशित होती है।
भारत-पाकिस्तान फाइनल मैचों का रिकॉर्ड:
- 1985, मेलबर्न (वर्ल्ड चैंपियनशिप): भारत 8 विकेट से जीता।
- 1986, शारजाह (ऑस्ट्रेल-एशिया कप): पाकिस्तान 1 विकेट से जीता।
- 1991, शारजाह (विल्स ट्रॉफी): पाकिस्तान 72 रन से जीता।
- 1994, शारजाह (ऑस्ट्रेल-एशिया कप): पाकिस्तान 39 रन से जीता।
- 1998, ढाका (इंडिपेंडेंस कप): भारत 8 विकेट से जीता।
- 1998, ढाका (इंडिपेंडेंस कप): पाकिस्तान 6 विकेट से जीता।
- 1998, ढाका (इंडिपेंडेंस कप): भारत 3 विकेट से जीता।
- 1999, बेंगलुरु (पेप्सी कप): पाकिस्तान 123 रन से जीता।
- 1999, शारजाह (कोका कोला कप): पाकिस्तान 8 विकेट से जीता।
- 2007, जोहान्सबर्ग (टी20 वर्ल्ड कप): भारत 5 रन से जीता।
- 2008, मीरपुर (किटप्लाई कप): पाकिस्तान 25 रन से जीता।
- 2017, द ओवल (चैंपियंस ट्रॉफी): पाकिस्तान 180 रन से जीता।