टेस्ट में कोहली-रोहित के जाने के बाद शुभमन की घर में नई शुरुआत, कैसी होगी पहले मैच की प्लेइंग इलेवन?

दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद, भारतीय टीम अब घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ एक नई टेस्ट सीरीज शुरू कर रही है। इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद, युवा ब्रिगेड के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में यह घरेलू धरती पर पहला बड़ा इम्तिहान है। चोट के कारण ऋषभ पंत की गैर-मौजूदगी में अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जड़ेजा को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल संभालेंगे। गिल को यशस्वी जायसवाल और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी के साथ तीसरे नंबर पर साईं सुदर्शन को मौका देना होगा।
टीम इंडिया का लक्ष्य घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज जीतना है। ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी की वापसी से टीम को मजबूती मिली है और उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना है। कप्तान शुभमन के लिए गेंदबाजी संयोजन चुनना मुख्य चुनौती होगी। रवींद्र जड़ेजा के साथ ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को देखा जा सकता है। हालांकि, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से अंतिम ग्यारह का चयन और भी कठिन हो गया है। गिल की संभावित एकादश में जायसवाल, राहुल, सुदर्शन, जुरेल, जड़ेजा, रेड्डी, सुंदर, बुमराह और सिराज शामिल हैं।