एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर डिविलियर्स भड़के! बोले- क्रिकेट से ‘राजनीति’ दूर रखो
एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी जहां अपनी जिद पर अड़े हैं, वहीं अब इस पूरे मामले पर साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का पहला रिएक्शन सामने आया है। डिविलियर्स ने स्पष्ट रूप से कहा है कि क्रिकेट और राजनीति को एक-दूसरे से दूर रखना चाहिए। उन्होंने फाइनल मैच के बाद हुए ‘ट्रॉफी ड्रामे’ पर गहरी निराशा व्यक्त की।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए मिस्टर 360 ने कहा, “टीम इंडिया शायद ट्रॉफी देने वाले शख्स से खुश नहीं थी। मेरे हिसाब से यह सब स्पोर्ट्स में नहीं होना चाहिए। राजनीति को एक तरफ रखना चाहिए। खेल एक चीज है और इसकी कामयाबी का लुत्फ़ उठाना चाहिए। यह देखकर थोड़ा बुरा लगा।” उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि भविष्य में दोनों देशों के बीच चीजें जल्द ठीक हो जाएंगी, क्योंकि इन सब से खिलाड़ी मुश्किल स्थिति में आ जाते हैं। उन्होंने कहा, “इन्हीं सब चीजों को देखकर मुझे नफरत होती है। वो सब काफी अजीब था।”
हालांकि, डिविलियर्स ने टूर्नामेंट में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम काफी मजबूत दिख रही है और बड़े पलों पर अच्छा खेल दिखा रही है। उन्होंने खास तौर पर फाइनल में तिलक वर्मा की नाबाद 69 रनों की पारी की प्रशंसा की। भारतीय टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीता।