फुटबॉल लेजेंड सर्जियो बुस्केट्स को इंटर मियामी का ‘गार्ड ऑफ ऑनर, ‘MLS के आखिरी सीजन में इमोशनल विदाई
दिग्गज फुटबॉल क्लब इंटर मियामी ने अपने चैम्पियन खिलाड़ी सर्जियो बुस्केट्स को एक शानदार विदाई देने में कोई कसर नहीं छोड़ी, क्योंकि वह अपने करियर को अलविदा कहने की तैयारी कर रहे हैं। मेजर लीग सॉकर (MLS) में न्यू इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले फ्लोरिडा के चेज़ स्टेडियम में इस महान मिड-फील्डर के मैदान पर कदम रखते ही, उनके टीम के खिलाड़ियों ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। इस भावुक क्षण में बुस्केट्स अपने परिवार के साथ मैदान में उतरे।
बार्सिलोना में दो दशक से अधिक समय बिताने के बाद, 37 वर्षीय बुस्केट्स ने 2023 में अमेरिकी धरती पर कदम रखा था। उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि 2025 MLS सीज़न उनका आखिरी होगा। 2009 में सीनियर डेब्यू करने वाले बुस्केट्स ने 2022 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया था, लेकिन इंटर मियामी का यह विशेष सम्मान उनके शानदार करियर की यादों को और भी गहरा कर गया।