भारत-पाक वूमेंस वर्ल्ड कप, ’10 ओवर में सिर्फ 20 रन, क्रांति गौड़ की घातक गेंदबाजी के सामने पाक ने टेके घुटने!

5 अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमादास स्टेडियम में खेले गए वूमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के छठे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 88 रनों से करारी शिकस्त दी। टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन में सबसे बड़ा योगदान 22 साल की युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का रहा, जिन्हें उनके धमाकेदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पाकिस्तान के खिलाफ कहर: वनडे वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहीं क्रांति गौड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया। उन्होंने 10 ओवर में महज 20 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इसके अलावा, उन्होंने बल्ले से भी दो चौकों की मदद से 8 रन का योगदान दिया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए।

कौन हैं क्रांति गौड़? क्रांति गौड़ का जन्म 11 अगस्त 2003 को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के छोटे से गांव घुवारा में हुआ था। छह भाई-बहनों में सबसे छोटी क्रांति के क्रिकेट खेलने को लेकर परिवार को शुरुआत में काफी ताने सुनने पड़े, लेकिन उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। घरेलू क्रिकेट में वह मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ मिली पहचान: क्रांति को सबसे पहले पहचान इंग्लैंड के साथ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले से मिली, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया था। उस मैच में उन्होंने 6 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था।

एक इंटरव्यू में क्रांति ने बताया था कि उन्हें अचानक एक लोकल टूर्नामेंट में टीम में खिलाड़ी की कमी होने पर खेलने का मौका मिला था। उस मैच में उन्होंने 3 विकेट चटकाए और 25 रन भी बनाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *