६ घंटे में खेल खत्म! ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर से छेड़छाड़ मामले में आरोपी गिरफ्तार, इंदौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को इंदौर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मामला सामने आते ही इंदौर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के सुरक्षा अधिकारी ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत पर तत्काल एक्शन, ६ घंटे में आरोपी सलाखों के पीछे
शिकायत में बताया गया कि दो महिला खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और महज ६ घंटे के भीतर उसे धर दबोचा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया ताकि ऐसे अपराध दोबारा न हों।
कैलाश विजयवर्गीय का कड़ा रुख: ‘ऐसी सजा कि पुरखे भी दहल जाएंगे’
राज्य के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस घटना को इंदौर और देश दोनों के लिए ‘शर्मनाक’ बताया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई और कठोर सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मंत्री ने कहा, “ऐसे मामलों में उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए सख्त सजा जरूरी है।” बीजेपी विधायक ने आरोपी अकील को चेताया, “अकील को ऐसी सजा कि पुरखे दहल जाएंगे।”
महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार का स्पष्ट संदेश: ज़ीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार लगातार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बता रही है। सरकार और पुलिस का संदेश साफ है- महिलाओं की सुरक्षा और कानून का पालन सर्वोपरि है, और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इंदौर में इस घटना पर पुलिस की तेज कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।