इंडिया-ए को साउथ अफ्रीका-ए से मिली करारी शिकस्त! स्टार बल्लेबाजों की नाकामी से 73 रनों से हारे
साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ खेले गए तीसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया-ए को करारी हार का सामना करना पड़ा। मेहमान टीम के गेंदबाजों के आगे स्टार बल्लेबाजों से सजा भारतीय बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम 252 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका-ए ने इस मुकाबले को 73 रनों से अपने नाम कर लिया।
भारतीय बल्लेबाजों में रुतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा और कप्तान तिलक वर्मा अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया। रियान पराग भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। हालांकि ईशान किशन (53) और आयुष बदोनी (66) ने अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।
अफ्रीकी बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन: साउथ अफ्रीका-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 325 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से लुहान-ड्री प्रिटोरियस ने सिर्फ 98 गेंदों में 123 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि रिवाल्डो मूनसामी ने भी शतक जमाया।
भारतीयों का फ्लॉप शो: 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया-ए की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा 11, तिलक वर्मा 11 और रुतुराज गायकवाड़ 30 गेंदों का सामना करने के बाद महज 25 रन बनाकर आउट हो गए। रियान पराग भी सिर्फ 17 रन बनाकर चलते बने। 82 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद आयुष बदोनी और ईशान किशन ने पारी को संभाला और अर्धशतक जड़े। लेकिन इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया और पूरी टीम 252 रन पर ढेर हो गई। गेंदबाजी में भारत की ओर से खलील अहमद, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए थे।