साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी फेल, करुण नायर का क्रिप्टिक पोस्ट वायरल, अश्विन ने दी प्रतिक्रिया
गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में, मेहमान टीम द्वारा 489 रन बनाए जाने के जवाब में टीम इंडिया के बल्लेबाजों के पास शानदार प्रदर्शन करने का मौका था। हालांकि, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन और रवींद्र जडेजा जैसे शीर्ष और मध्य क्रम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण मेजबान टीम लड़खड़ा गई और हार की कगार पर पहुंच गई। साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीसरी बार बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद करुण नायर, सरफराज खान और अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में शामिल करने की मांग उठने लगी है। ये सभी खिलाड़ी स्पिन और तेज गेंदबाजी को अच्छी तरह खेलने की क्षमता रखते हैं।
भारत के 201 रनों पर ढेर होने के बाद, करुण नायर ने सोशल मीडिया पर एक रहस्यमय पोस्ट साझा किया, जिस पर पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी प्रतिक्रिया दी।
नायर के पोस्ट पर अश्विन का रिएक्शन
एंरडसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में खराब परफॉर्मेंस के बाद नायर को वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होम सीरीज के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था। भारत की बल्लेबाजी असफलता के बाद, करुण नायर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक अजीब मैसेज पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने टीम में शामिल न किए जाने के दर्द को जाहिर किया। नायर ने लिखा, “कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जिन्हें आप दिल से जानते हैं और वहां मौजूद न होने की खामोशी अपना अलग ही दर्द पैदा करती है।” नायर की इस भावनात्मक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रविचंद्रन अश्विन ने हंसने वाली इमोजी (‘😂’) पोस्ट की।
8 साल बाद वापसी और फिर बाहर
नायर आठ साल बाद इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम में लौटे थे, लेकिन वह कोई खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक अर्धशतक सहित 205 रन ही बना सके। वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम की घोषणा के समय चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कहा था कि करुण उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और इसलिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। टीम से बाहर किए जाने के बाद नायर ने इस पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा था कि वह चयनकर्ताओं के फैसले से बेहतर के हकदार हैं। उन्होंने कहा था, “जाहिर है, यह काफी निराशाजनक है। पिछले दो सालों के बाद, मुझे लगता है कि मैं इससे कहीं बेहतर का हकदार हूं, एक सीरीज से भी ज्यादा।”
201 के स्कोर पर सिमटी टीम इंडिया
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने 65 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों के सस्ते में विकेट गंवाने के कारण टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और एक समय टीम का स्कोर 122/7 हो गया। कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर ने अच्छी साझेदारी कर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन अंततः भारत 201 के स्कोर पर ढेर हो गया।