पानी के अंदर ‘कचुरिपना’ में छिपा था तस्कर, BSF ने जब्त किया 3 करोड़ से अधिक का सोना, सीमा पर बड़ी कामयाबी
भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने तस्करों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए 3 करोड़ 5 लाख 99 हजार 716 रुपये से अधिक मूल्य का सोना जब्त किया है। जब्त किए गए सोने के बिस्कुट का कुल वजन 2354.73 ग्राम है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके में तैनात BSF जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर सोना तस्करी करने वाले हैं। सूचना मिलते ही जवान अलर्ट हो गए। इसके बाद शाम करीब पांच बजे अंधेरे का फायदा उठाकर दो संदिग्ध व्यक्ति एक झील से होकर आगे बढ़ते हुए दिखे। दोनों तस्कर जलकुंभी (कचुरिपना) के नीचे छिपे हुए थे।
एक तस्कर गिरफ्तार, 20 बिस्किट जब्त
BSF जवानों ने तुरंत तस्करों को घेर लिया। इस अभियान में एक तस्कर को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
घटना के तुरंत बाद आसपास के इलाके में तलाशी ली गई और कई पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों से 20 सोने के बिस्कुट मिले।
BSF दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने जवानों के इस सफल ऑपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि BSF जवान सीमा पर तस्करी को रोकने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उन्हें तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे ‘सीमा साथी’ हेल्पलाइन नंबर 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर संदेश या वॉयस नोट के माध्यम से BSF को सूचित करें।