IPL 2026 नीलामी से पहले बड़ा ऐलान! टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप खेलने वाले इस दिग्गज गेंदबाज़ ने लिया संन्यास
आईपीएल 2026 सीज़न की नीलामी 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली है। लेकिन इस नीलामी से पहले, पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहित शर्मा ने क्रिकेट जगत को अलविदा कह दिया है। मोहित शर्मा ने आईपीएल सहित क्रिकेट के सभी फॉर्मेट और सभी स्तरों से संन्यास की घोषणा कर दी है।
टीम इंडिया के लिए विश्व कप खेलने वाले और कई आईपीएल फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे मोहित के इस फैसले के बाद, वह अब नीलामी में हिस्सा नहीं लेंगे। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब कई खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी से रिलीज़ होने के बाद नीलामी में न जाने का फैसला कर चुके हैं।
हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले मोहित शर्मा ने 3 दिसंबर, बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बयान पोस्ट करके संन्यास की घोषणा की। मोहित ने अपने भावुक बयान में कहा, “आज, भारी मन से, मैं सभी प्रकार के क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूँ। हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने से लेकर भारतीय जर्सी पहनने और आईपीएल में खेलने तक, यह सफ़र किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा है।”
मोहित शर्मा के इस ऐलान के बाद, क्रिकेट बिरादरी ने उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं।