भारत ने 9 विकेट से जीता फाइनल वनडे! यशस्वी का पहला शतक और रोहित का ‘हिटमैन’ शो, 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा
विशाखापत्तनम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में टीम इंडिया ने 9 विकेट से बड़ी जीत हासिल करते हुए 2-1 से वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है। यशस्वी जयसवाल और रोहित शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत, भारतीय टीम ने प्रोटियाज द्वारा दिए गए 271 रनों के लक्ष्य को सिर्फ एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
रोहित-यशस्वी का तूफ़ान:
271 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारत ने यशस्वी जयसवाल और रोहित शर्मा की शानदार शुरुआत के दम पर बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर 25.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 155 रन की विस्फोटक साझेदारी की। इस सीरीज में शानदार फॉर्म में चल रहे ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने वाईजैक में अपना बल्लेबाजी का जादू दिखाया। उन्होंने 73 गेंदों में 7 चौकों और 3 विशाल छक्कों की मदद से 75 रनों की तेज़ पारी खेली।
वहीं, पहले दो मैचों में विफल रहने के बाद, यशस्वी जयसवाल का बल्ला इस ‘करो या मरो’ मैच में खूब गरजा और उन्होंने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा।
प्रसिद्ध-कुलदीप ने मचाया कहर:
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। अर्शदीप सिंह ने रयान रिकेलटन को शून्य पर आउट किया। हालांकि, डी कॉक ने कप्तान टेम्बा बावुमा (48) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की। डी कॉक ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। डी कॉक ने 89 गेंदों में 106 रन की शानदार पारी खेली।
हालांकि, डी कॉक के आउट होते ही प्रोटियाज का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया। प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए, जिसके कारण दक्षिण अफ्रीका 270 रनों पर ऑलआउट हो गई। कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 41 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 9.5 ओवर में 66 रन देकर चार विकेट झटके।