टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को झटका! पहले मैच से बाहर हुए पैट कमिंस, जानें क्या है वजह

आगामी टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए राहत और चिंता दोनों वाली खबरें सामने आई हैं। टीम के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने साफ कर दिया है कि स्टार तेज गेंदबाज पैट कमिंस आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि, फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि जोश हेज़लवुड और टिम डेविड पूरी तरह फिट हैं और पहले ही मैच से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनेंगे।
पैट कमिंस पर सस्पेंस: पीठ की चोट के कारण एशेज के कई मैचों से बाहर रहे पैट कमिंस अभी भी शत-प्रतिशत मैच फिट नहीं हैं। बेली ने कहा कि हम वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कमिंस को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उम्मीद है कि वह १३ फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में वापसी करेंगे।
हेज़लवुड और टिम डेविड की वापसी: जोश हेज़लवुड नवंबर से ही हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे थे, वहीं टिम डेविड भी बीबीएल के दौरान चोटिल हो गए थे। लेकिन ताजा अपडेट के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत ११ फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ करेगा।