T20 World Cup से पहले साउथ अफ्रीका के लिए खुशखबरी! फिटनेस टेस्ट में पास हुए ‘किलर’ मिलर

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम को बड़ी राहत मिली है। टीम के सबसे अनुभवी और भरोसेमंद फिनिशर डेविड मिलर ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और अब वह विश्व कप में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एसए20 (SA20) लीग के दौरान पार्ल रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव (Adductor Strain) आ गया था, जिसके चलते उनकी फिटनेस पर संशय बना हुआ था।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि मिलर को मेडिकल रूप से फिट घोषित कर दिया गया है। वह रविवार को जोहान्सबर्ग से मुंबई के लिए रवाना होने वाली टीम के साथ जुड़ेंगे। मिलर का यह छठा टी20 विश्व कप होगा। क्विंटन डी कॉक और एडेन मार्कराम के साथ मिलकर वह दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम को मजबूती देंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि मिलर नंबर पांच पर फिनिशर की अहम भूमिका निभाएंगे।
मिलर के आंकड़े टी20 अंतरराष्ट्रीय में जबरदस्त रहे हैं। उन्होंने 133 मैचों में 32.87 की औसत और 140 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 2,630 रन बनाए हैं। 2024 के फाइनल में हार्दिक पांड्या की गेंद पर सूर्यकुमार यादव द्वारा लिए गए उस ऐतिहासिक कैच ने मिलर का वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ दिया था, लेकिन अब वह उस कड़वी याद को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं। यह उनका आखिरी टी20 विश्व कप हो सकता है, इसलिए उनकी नजरें खिताब पर टिकी होंगी।