पॉपुलर कॉस्ट्यूम डिजाइनर दीपा मेहता नहीं रहीं, सदमे में फिल्म इंडस्ट्री,’कौन थीं महेश मांजरेकर की पहली पत्नी?
एक्टर-डायरेक्टर महेश मांजरेकर की पहली पत्नी और मशहूर कॉस्ट्यूम डिजाइनर दीपा मेहता का निधन हो गया है। उनके बेटे सत्या मांजरेकर ने सोशल मीडिया के ज़रिए इस दुखद खबर की पुष्टि की है। दीपा मेहता के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
बेटे ने शेयर किया भावुक पोस्ट
दीपा मेहता के बेटे सत्या मांजरेकर ने अपनी मां की एक अनदेखी तस्वीर साझा करते हुए निधन की खबर बताई। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “आई मिस यू मम्मा”। सत्या के इस इमोशनल पोस्ट के बाद से ही लोग दीपा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और बेटे सत्या को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत रखने के लिए कह रहे हैं। हालांकि, महेश मांजरेकर ने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कौन थीं दीपा मेहता?
दीपा मेहता एक जानी-मानी कॉस्ट्यूम डिजाइनर थीं। उनका ‘क्वीन ऑफ हार्ट्स’ नामक साड़ी ब्रांड मराठी और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में काफी मशहूर था। दीपा और महेश मांजरेकर कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे और उन्होंने साल 1987 में शादी की थी। इस शादी से उन्हें एक बेटी अश्वमी मांजरेकर और एक बेटा सत्या मांजरेकर हैं। हालांकि, 1995 में दोनों का तलाक हो गया था। दीपा से अलग होने के बाद, महेश ने अभिनेत्री मेधा मांजरेकर से शादी की, जिनसे उनकी एक बेटी साई मांजरेकर हैं, जिन्होंने सलमान खान के साथ ‘दबंग ३’ से बॉलीवुड डेब्यू किया। दीपा मेहता का काम और उनकी एंटरप्रेन्योरशिप कई युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा रही है।