GPS मॉनिटरिंग के बावजूद महाराष्ट्र गई एंबुलेंस, ड्राइवर ने दूसरी बार की शराब तस्करी, हेल्थ पोर्टल में भी किया फर्जीवाड़ा

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर छुरिया ब्लॉक के पदरामटोला के पास ‘महतारी एक्सप्रेस’ (एक इमरजेंसी एंबुलेंस) से पुलिस ने 16 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात यह कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर इंद्र कुमार उर्फ राहुल साहू (25) को गिरफ्तार किया है।

आरोपी राहुल साहू महाराष्ट्र के खेड़ेपार से यह अवैध शराब लेकर छत्तीसगढ़ के कल्लूटोला जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे यह शराब किसी नागेश कतलाम को डिलीवर करनी थी और इसके बदले में उसे दो हजार रुपये मिलते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि यह दूसरी बार था जब वह तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसके ख़िलाफ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

GPS लगे होने पर भी कैसे हुई तस्करी?

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महतारी एक्सप्रेस वाहनों की मॉनिटरिंग के लिए GPS सिस्टम लगे होते हैं। इसके बावजूद, ड्राइवर वाहन को महाराष्ट्र लेकर गया और शराब भरकर वापस लौटा। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने साथी की मदद से महतारी एक्सप्रेस के पोर्टल में इवेंट अपलोड करने में फर्जीवाड़ा किया। पुलिस इस मामले की भी जानकारी जुटा रही है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और चिंता:

शराब पकड़े जाने की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक छन्नी साहू और कांग्रेस प्रवक्ता राहुल तिवारी थाने पहुँचे। जब आरोपी ने सवालों का जवाब नहीं दिया, तो पूर्व विधायक ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा, “सीधे बता दो, अभी पुलिस का डंडा पड़ेगा तो सब बताने लगोगे।” उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में लगी गाड़ियों से शराब तस्करी जैसे अपराध हो रहे हैं। छुरिया थाना प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि प्रकरण में जाँच जारी है और सामने आने वाली सभी जानकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *