पूनम पांडे बनेंगी मंदोदरी, बवाल के बीच आयोजक बोले- ‘नो रिप्लेसमेंट’! इस बार की रामलीला में होगा विवाद और ग्लैमर का तड़का
इस दशहरे पर दिल्ली की भव्य लव कुश रामलीला और भी ज़्यादा यादगार होने वाली है। बॉलीवुड स्टार बॉबी देओल इस साल रामलीला में शामिल होंगे। एक्टर ने ख़ुद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की है। लव कुश रामलीला समिति ने बॉबी देओल को 2 अक्टूबर को ऐतिहासिक लाल किला मैदान में रावण के पुतले का सांकेतिक दहन करने के लिए आमंत्रित किया है।
बॉबी देओल ने एक वीडियो संदेश में कहा, “दिल्ली की रामलीला में इस बार मैं भी शामिल होने आ रहा हूं… तो मिलते हैं दशहरे पर।” आयोजकों को उम्मीद है कि ‘लॉर्ड बॉबी’ की उपस्थिति से इस आइकॉनिक इवेंट में भारी भीड़ जुटेगी।
लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि बॉबी देओल की भागीदारी से यह दशहरा लोगों के लिए और ज़्यादा शानदार और यादगार बन जाएगा, जो उत्सव में ग्लैमर का तड़का लगाएगा।
पूनम पांडे की कास्टिंग पर विवाद:
इसी रामलीला में अभिनेत्री पूनम पांडे को रावण की पत्नी मंदोदरी के किरदार के लिए कास्ट किया गया है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित कई राजनीतिक और धार्मिक समूहों ने इस फ़ैसले पर आपत्ति जताई है। हालांकि, रामलीला के आयोजकों ने आलोचनाओं के बावजूद पूनम पांडे को रिप्लेस न करने की पुष्टि की है। पूनम पांडे ने ख़ुद इस भूमिका के लिए समिति से संपर्क किया था और वह मंच पर अभिनेता आर्य बब्बर के साथ दिखाई देंगी।