बंगाल चुनाव से पहले BJP का ‘युवा अड्डा’ प्लान! चाय पर चर्चा से युवाओं को साधने की बड़ी तैयारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी शंखनाद कर दिया है। युवाओं को अपने पाले में करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने ‘युवा अड्डा’ नामक एक अनूठा कार्यक्रम शुरू करने का फैसला किया है। इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी सीधे मोहल्लों और चाय की दुकानों पर युवाओं से संवाद करेगी। बुधवार से शुरू होकर यह अभियान 25 फरवरी तक चलेगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 30 स्थानों पर ये ‘युवा अड्डे’ आयोजित किए जाएंगे, जहां 20-25 कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ चाय पर चर्चा करेंगे। इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को समझाना और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना है। उत्तर प्रदेश चुनाव की ‘युवा चौपाल’ की तर्ज पर बंगाल में भी इस छोटे स्तर के जनसंपर्क को काफी प्रभावी माना जा रहा है।
इसके साथ ही, बीजेपी अपनी बहुचर्चित ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ को भी नए अवतार में लॉन्च करने जा रही है। पहले योजना 5 रथों की थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 10 करने पर विचार किया जा रहा है ताकि राज्य के सभी 10 संभागों को कवर किया जा सके। इस रथ यात्रा की योजना बनाने के लिए बुधवार को साल्टलेक के एक होटल में अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। दोल यात्रा के बाद इन रथों को हरी झंडी दिखाई जा सकती है, जो बंगाल के कोने-कोने में मोदी सरकार का संदेश पहुंचाएंगे।