बीरभूम में खौफनाक वारदात! बीजेपी नेता के घर के बाहर सफेद कफन और माला, चुनाव से पहले फैला तनाव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बीरभूम जिले में राजनीतिक हिंसा और तनाव का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला नानूर विधानसभा के बासापाड़ा इलाके के कुरग्राम का है, जहाँ बीजेपी के मंडल अध्यक्ष रामकृष्ण मंडल के घर के बाहर सफेद थान (कफन), रजनीगंधा की माला, अगरबत्ती और मिठाई का पैकेट लटका हुआ पाया गया। अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाली इन चीजों को घर के मुख्य दरवाजे पर देखकर इलाके में सनसनी फैल गई है।

बीजेपी नेता ने इसे अपनी जान को खतरा बताते हुए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर हमला बोला है। बीजेपी का आरोप है कि इलाके में उनके बढ़ते प्रभाव से डरी हुई टीएमसी कार्यकर्ताओं को डराने के लिए इस तरह की घटिया साजिश रच रही है। दूसरी तरफ, टीएमसी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बीजेपी का ‘पब्लिसिटी स्टंट’ करार दिया है। टीएमसी नेताओं का कहना है कि खबरों में बने रहने के लिए बीजेपी ने खुद यह नाटक रचा है। इस घटना के बीच बीरभूम के रामपुरहाट में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज है, जहाँ पेयजल संकट को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एसडीओ कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। चुनाव से पहले बीरभूम की यह ‘सफेद थान’ वाली राजनीति अब पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *