मजदूरी ८ हजार और आयकर का नोटिस १७ करोड़! मिर्जापुर के दिहाड़ी मजदूर के उड़े होश

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साधारण दिहाड़ी मजदूर को आयकर विभाग ने १७ करोड़ ४० लाख रुपये का नोटिस थमाया है। संतोषनगर के कन्हाईपुर निवासी शिवधनी, जो कभी बैटरी की दुकान में मजदूरी करते थे, अब कानूनी पचड़ों में फंस गए हैं। उनके कच्चे घर की हालत और फटेहाल जिंदगी को देखकर कोई नहीं कह सकता कि उनके खाते से करोड़ों का कारोबार हुआ है।

मालिक की धोखाधड़ी का शिकार: शिवधनी के अनुसार, वह सोनभद्र के घोड़ावल में बैटरी लोडिंग और अनलोडिंग का काम करते थे। मालिक ने वेतन खाते में भेजने के बहाने उनके नाम पर कोटक महिंद्रा और उत्कर्ष बैंक में खाते खुलवाए थे। शिवधनी को कभी भनक भी नहीं लगी कि उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मालिक करोड़ों रुपये का हेर-फेर कर रहा है।

नोटिस मिलते ही मालिक ने झाड़ा पल्ला: ८ साल काम करने के बाद मालिक ने मंदी का हवाला देकर उन्हें निकाल दिया। कुछ समय बाद जब घर पर आयकर के नोटिस आने लगे, तो शिवधनी घबराकर मालिक के पास पहुंचे। मालिक ने नोटिस अपने पास रख लिया और मामले को रफा-दफा करने का वादा किया, लेकिन कुछ नहीं किया। आखिरकार आयकर अधिकारियों ने घर पहुंचकर बताया कि उनके खाते से १७.४० करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। बेबस शिवधनी अब पुलिस और एसपी के चक्कर काट रहे हैं ताकि इस साजिश का पर्दाफाश हो सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *