तालित रेल ब्रिज का काम शुरू होते ही राजनीतिक घमासान! श्रेय लेने की होड़ में बीजेपी और टीएमसी

बर्द्धमान और बीरभूम को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग ११४ पर स्थित तालित रेल गेट पर आखिरकार ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सालों के इंतजार और भारी ट्रैफिक जाम से जूझने के बाद निवासियों को राहत की उम्मीद है, लेकिन काम शुरू होते ही तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच ‘श्रेय’ लेने की होड़ मच गई है। दोनों ही पार्टियां इस परियोजना को अपनी मेहनत का नतीजा बता रही हैं।
वर्तमान सांसद कीर्ति आजाद का कहना है कि उनके हस्तक्षेप के बाद ही रेलवे बोर्ड ने तकनीकी समस्याओं और डिजाइन के विवादों को सुलझाया है। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता डॉ. शांतनु दे का कहना है कि २०१९ में ही तत्कालीन बीजेपी सांसद एस.एस. अहलुवालिया ने इस प्रोजेक्ट के लिए फंड और डिजाइन पास करवा लिया था, लेकिन राज्य सरकार की जमीन संबंधी जटिलताओं के कारण काम अटका रहा।
जहां रेलवे ने २०२७ तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है, वहीं तालित के स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि श्रेय किसे मिलता है। वे बस इतना चाहते हैं कि सालों की तकलीफ अब खत्म हो और यह पुल बिना किसी राजनीतिक देरी के समय पर पूरा हो जाए।