लखटकिया ‘जली हुई’ शर्ट! लग्जरी ब्रांड का अजीबोगरीब कारनामा देख चकराया लोगों का सिर!

सफेद शर्ट को पहनना और संभालना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। अगर उस पर चाय या मिट्टी का दाग लग जाए, तो वह शर्ट खराब मान ली जाती है। और अगर प्रेस करते समय गलती से जलने का निशान पड़ जाए, तो उसे दोबारा पहनना नामुमकिन सा लगता है। लेकिन फैशन की दुनिया में अब यह ‘बदकिस्मती’ भी लाखों की कीमत में बिक रही है। एक नामी फैशन ब्रांड ने ऐसी सफेद शर्ट लॉन्च की है, जिसके पॉकेट पर प्रेस के जलने का साफ निशान है और इसकी कीमत ₹1 लाख रखी गई है।
स्विस-फ्रेंच लग्जरी ब्रांड ‘वेटमेंट्स’ (Vetements) ने अपनी क्रिएटिविटी के नाम पर इस अजीबोगरीब शर्ट को बाजार में उतारा है। इसका नाम ‘व्हाइट आयरन बर्न ग्राफिक शर्ट’ रखा गया है। इसे देखकर ऐसा लगता है कि जैसे किसी ने गर्म प्रेस को शर्ट के पॉकेट पर ज्यादा देर तक छोड़ दिया हो, जिससे वहां भूरे रंग का जलने वाला निशान बन गया है। ब्रांड का दावा है कि यह एक विशिष्ट डिजाइन है।
जैसे ही इस शर्ट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, लोगों ने इस पर हंसी और हैरानी जाहिर करना शुरू कर दिया। नेटिजन्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। किसी ने लिखा, “मेरे पास ऐसी कई डिजाइनर शर्ट्स हैं जो मेरी मम्मी ने प्रेस करते वक्त बनाई हैं,” तो किसी ने कहा, “फैशन के नाम पर लोग अब कचरा भी लाखों में बेच रहे हैं।”
इससे पहले भी कई ब्रांड्स फटी हुई जींस या कीचड़ लगे जूते बेचकर चर्चा में रह चुके हैं। लेकिन प्रेस के जलने के दाग वाली इस शर्ट ने अब तक की सारी हदें पार कर दी हैं। जहां एक साधारण आदमी दाग वाली शर्ट को घर से बाहर पहनने में कतराता है, वहीं अमीरों के लिए यह ₹1 लाख का स्टेटस सिंबल बन गया है।